श्रीराधारमण लाल के 484वें प्राकट्योत्सव पर बरसा ‘राधा नाम रस’, उमड़ा भक्ति का सैलाब
जनसागर टुडे गगन बंसल संवाददाता
जहांगीराबाद। नगर के आरसी फार्म हाउस में श्रीराधारमण लाल का 484वां प्राकट्योत्सव अत्यंत भव्यता और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर पूरा परिसर ‘राधे-राधे’ के जयघोष से गुंजायमान रहा और श्रद्धालुओं ने भक्ति की अविरल धारा में गोते लगाए। उत्सव का मुख्य आकर्षण बरसाना से आईं सखियां और ब्रज के रसिक रहे। सखियों ने अपनी मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों से कान्हा को रिझाया, जिसे देख पांडाल में मौजूद हजारों भक्त भाव-विभोर होकर झूमने लगे। वृंदावन स्थित राधारमण मंदिर के सेवायत सौरभ गोस्वामी ने ठाकुरजी की सेवा में चंवर डुलाकर कार्यक्रम की दिव्यता को और बढ़ा दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद देर रात तक भजन-कीर्तन का दौर चला। पंडाल को रंग-बिरंगे विदेशी फूलों से सजाया गया था। श्रीराधारमण लाल जू का अद्भुत श्रृंगार भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहा। व्रज मंडल से भक्तमाली नवनीत प्रिय दास, निकुंज देव, नीरव शर्मा, ध्रुव लाड़ला और अवधेश कौशिक जैसे रसिकों ने अपनी मधुर वाणी से पूरे वातावरण को वृंदावनमय बना दिया। इस महोत्सव में भक्ति और समरसता का अनूठा संगम देखने को मिला। रसिकों और भक्तों के साथ-साथ किन्नर समाज ने भी नृत्य कर अपनी श्रद्धा अर्पित की। आयोजन के अंत में विशाल भोजन प्रसादी का वितरण किया गया। आयोजकों ने आए हुए संतों और अतिथियों को पटका पहनाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस भव्य आयोजन में पालिकाध्यक्ष किशनपाल सिंह, चुन्नीलाल गोयल, संजय बंसल, सूर्यप्रकाश बंसल, गौरव बंसल, संजय गर्ग, शिवम वर्मा, रवि कौशिक, अमन चौहान, माधव गोयल, और महिला शक्ति के रूप में शकुंतला गोयल, पूनम बंसल, रीना गर्ग सहित हजारों की संख्या में गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
“हमारा उद्देश्य नगरवासियों को जहांगीराबाद में ही वृंदावन के जीवंत दर्शन कराना और भक्ति मार्ग से जोड़ना है।”
आयोजक मंडल (सुमित गोयल, विक्की गोयल, शिवम सोनी)






