जनसागर टुडे
आजमगढ़ / सूरज सिंह – बरदह थाना क्षेत्र के खमौली गांव निवासी पूनम पत्नी सुरेंद्र की इलाज के दौरान हुई मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर गुरुवार शाम बरदह पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस द्वारा मामले की जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय को दी गई, जिसके बाद अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उमा शरण पांडे के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मुक्तिपुर बाजार स्थित अस्पतालों की जांच की।
जांच के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर ओम साईं राम हॉस्पिटल तथा उषा आई केयर सेंटर को सीज कर दिया गया। बताया जा रहा है कि उषा आई केयर सेंटर का संचालन डॉक्टर चंद्रसेन यादव के पुत्र आर. यादव द्वारा किया जा रहा था।
पुलिस ने संबंधित डॉक्टर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं अस्पतालों के दस्तावेज और संचालन संबंधी अभिलेखों की भी जांच की जा रही है।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर कार्रवाई की गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






