जनसागर टुडे
आजमगढ़ जहानागंज / सूरज सिंह –जिले के जहानागंज क्षेत्र अंतर्गत महुआ मुरारपुर गांव में गुरुवार को वाराणसी स्थित आर जे शंकरा आई हॉस्पिटल के तत्वावधान में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन आजाद सिंह के आवास पर हुआ, जिसमें आसपास के दर्जनों गांवों से आए करीब 80 लोगों ने अपनी आंखों की जांच कराई। शिविर में डॉक्टरों की टीम, जिसमें डॉ. सतग्रीस भट्टाचार्य, अनुराधा और संजू यादव शामिल रहे, ने मरीजों की बारीकी से जांच की। इस दौरान कई मरीजों में मोतियाबिंद की समस्या चिन्हित की गई। डॉक्टरों ने जानकारी दी कि मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों का नि:शुल्क आॅपरेशन वाराणसी के आर जे शंकरा आई हॉस्पिटल में कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने सलाह दी कि आॅपरेशन के बाद आंखों को पानी और धूल-मिट्टी से बचाकर रखें तथा किसी भी प्रकार की समस्या या धुंधलापन होने पर तुरंत जांच कराएं। शिविर का संचालन आयोजक अभय यादव की देखरेख में किया गया। इस अवसर पर आयोजक आजाद सिंह ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि आॅपरेशन के लिए जाने वाले मरीजों के आने-जाने की पूरी व्यवस्था की जाएगी और उन्हें किसी प्रकार का खर्च वहन नहीं करना पड़ेगा। कार्यक्रम में देवेंद्र सिंह, संजय सिंह, सनी सिंह, शशि सिंह, जितेंद्र सिंह और राजेश सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






