*स्याना में घना कोहरा, शीतलहर से जनजीवन प्रभावितः दृश्यता शून्य, वाहनों की गति धीमी; लोग अलाव पर तापते दिखे*

बुलंदशहर डीके निगम/मोहित त्यागी
स्याना/बुलंदशहर/स्याना क्षेत्र में गुरुवार सुबह को घना कोहरा छाया रहा, जिससे कड़ाके की ठंड बढ़ गई और जनजीवन प्रभावित हुआ। दृश्यता लगभग शून्य होने के कारण वाहनों की गति धीमी रही और लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लेते दिखे।
घने कोहरे के कारण राष्ट्रीय राजमार्गों पर दृश्यता शून्य मीटर तक पहुंच गई। सुबह से ही हाईवे पर वाहन हेडलाइट जलाकर धीमी गति से चलते नजर आए।
स्टेट हाईवे पर भी यही स्थिति रही। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में पारा देर रात 08 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
पिछले कुछ दिनों से जारी शीतलहर के साथ अब घने कोहरे ने भी दस्तक दी है, जिससे सर्दी और बढ़ गई है। रात भर गिरी ओस के कारण खेतों में सब्जी की फसलें प्रभावित हुई हैं। आलू की फसलें खराब होने की आशंका है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान हो सकता है।
नगर क्षेत्र में कड़ाके की ठंड से बचने के लिए लोग नगर पालिका द्वारा संचालित अलाव पर तापते दिखे। हालांकि, कुछ स्थानों पर गीली लकड़ी के कारण अलाव जलाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
गुरुवार सुबह से ही लोग धूप निकलने का इंतजार कर रहे थे। स्थानीय निवासी प्रशांत चौहान, कलुआ, विजय त्यागी और अशोक कुमार ने बताया कि अत्यधिक ठंड के कारण अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है और कोहरे की धुंध से मार्ग पर चलने में दिक्कत हो रही है।
नगर पालिका अधिशासी अधिकारी सेवा राम राजभर ने बताया है कि अलाव नगर पालिका द्वारा जगह जगह व्यवस्था कर दी गई है। नगर में विभिन्न स्थानों पर अलाव जलवाए जा रहे हैं और कर्मचारियों को इस संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए हैं। रैन बसेरों की व्यवस्थाएं भी दुरुस्त कर दी गई हैं। जिससे की असहाय जरूरतमंद लोगों को ठंड से परेशानी न झेलनी पड़े।






