जनसागर टुडे
आजमगढ़ देवगांव / सूरज सिंह – आजमगढ़ के देवगांव कोतवाली के लहुआ खुर्द गांव (मौजा लोधापुर) निवासी अविनाश सिंह उर्फ बादल (30) पुत्र स्व. हरेंद्र बीती शाम करीब छह बजे पोखरे में नहाने गया था। इसी दौरान, वह गहरे पानी में चले गया और डूबने लगा। पोखरे की सीढ़ियों पर मौजूद एक बच्चे ने शोर मचाया तो आसपास के दुकानदार व ग्रामीण पहुंचे, लेकिन तब तक अविनाश गहराई में समा चुका था। पोखरे की गहराई और उसमें फैली झाड़ियां, शैवाल व खरपतवार के कारण बाहर नहीं निकल सका। सूचना पर पल्हना चौकी प्रभारी राजेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को जानकारी दी। सूचना पर उपजिलाधिकारी लालगंज राजकुमार बैठा, क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश पांडे, नायब तहसीलदार लालगंज मनोज गिरी और कोतवाल देवगांव विमल प्रकाश राय जमे रहे। रातभर गोताखोरों ने पोखरे में युवक की तलाश की, लेकिन शव नहीं मिल सका। बुधवार सुबह करीब छह बजे से फिर खोजबीन शुरु हुई और लगभग साढ़े ग्यारह बजे शव पोखरे से बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अविनाश सिंह अविवाहित थे। माता-पिता की मौत पहले ही हो चुकी थी। उसकी दो बहनें गुंजा और मोनिका की शादी हो चुकी है। चाचा राणा सिंह का परिवार मुंबई में रहता है। युवक अकेले घर पर रह रहा था।