साहिबाबाद–
सलवान पब्लिक स्कूल, ट्रांस दिल्ली सिग्नेचर सिटी में 1 अप्रैल 2026 को शैक्षिक सत्र 2026-27 का आरंभ अत्यंत श्रद्धा, गरिमा और आध्यात्मिक उल्लास के साथ पावन हवन समारोह द्वारा किया गया। आर्य समाज परंपरा के अनुसार आयोजित कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ स्कूल में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में हवन और पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया ।
कार्यक्रम के दौरान विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और सकारात्मक ऊर्जा से भर गया। इसके बाद विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर शिक्षा के लिए प्रार्थना की गई।

कार्यक्रम में शिक्षक, छात्र-छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी छात्रों का स्वागत करते हुए उन्हें नए सत्र में मन लगाकर पढ़ाई करने और अनुशासन का पालन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, शिक्षकों ने भी बच्चों को मेहनत और लगन से आगे बढ़ने का संदेश दिया।

समारोह में सलवान एजुकेशन ट्रस्ट के सचिव परमजीत खन्ना की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष प्रतिष्ठा प्रदान की। साथ ही प्रख्यात समाज सुधारक डॉ. राजेश की प्रेरक मौजूदगी ने कार्यक्रम को सामाजिक चेतना और मूल्यपरक दृष्टि से समृद्ध किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या सुनीता मदान ने अपने स्वागत संबोधन में सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं उपस्थित सदस्यों का अभिनंदन करते हुए नए सत्र को अनुशासन, उत्कृष्टता और संस्कारों से परिपूर्ण बनाने का संदेश दिया। वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य आहुतियाँ अर्पित करते हुए विद्यालय परिवार ने ज्ञान, सफलता, सद्भाव और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह आयोजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों, समग्र शिक्षा और उजले भविष्य के प्रति विद्यालय की दृढ़ प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक बनकर उभरा।






