जनसागर टुडे

आजमगढ़ / सुरज सिंह – जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने सेक्रेटरी और पंचायत सहायक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार हरैया ब्लॉक क्षेत्र के बनकटा चौराहे के पास एंटी करप्शन टीम ने सेक्रेटरी शशिकांत सोनकर और पंचायत सहायक चंद्रेश यादव को 10 हजार रुपये की घूस लेते हुए पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि हरैया ब्लॉक के पूरा बाल नारायण गांव के पूर्व प्रधान अमित कुमार यादव का वर्ष 2021 का करीब 1 लाख 30 हजार रुपये का भुगतान लंबित था। आरोप है कि इस भुगतान को जारी करने के एवज में सेक्रेटरी और पंचायत सहायक द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। इसकी शिकायत पूर्व प्रधान अमित कुमार यादव ने एंटी करप्शन टीम से की। शिकायत के आधार पर टीम ने जाल बिछाया और दोनों आरोपियों को बनकटा चौराहे के पास घूस लेते समय रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल एंटी करप्शन टीम द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।






