जनसागर टुडे
वाराणसी –चोलापुर क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा के साथ पड़ोसी गांव के युवक द्वारा अपहरण और दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने न केवल छात्रा को बंधक बनाकर उसके साथ दरिंदगी की, बल्कि अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल भी किया। पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए परिजनों ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने शुरू में टालमटोल की। हालांकि, बुधवार को मामला तूल पकड़ता देख पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, चोलापुर थाना क्षेत्र की एक नाबालिग छात्रा को बीते 15 मार्च को पड़ोसी गांव मुर्दी (थाना सिंधौरा) निवासी रविन यादव बहाने से मुगलसराय ले गया। आरोप है कि वहां एक कमरे में छात्रा को बंद कर दिया गया और असलहे के दम पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के दौरान ही आरोपी ने मोबाइल से छात्रा का अश्लील वीडियो भी बना लिया। दुष्कर्म के बाद आरोपी ने छात्रा को धमकाया कि यदि उसने घर जाकर किसी को बताया, तो वह उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। इसके बाद भी आरोपी ने कई बार छात्रा के साथ दरिंदगी की। लोक-लाज और वीडियो के डर से छात्रा सहमी रही।
आरोप यह भी है कि आरोपी का इरादा किशोरी को अपने दोस्तों को भी परोसने का था, लेकिन छात्रा के कड़े विरोध के बाद वह उसे गांव के पास छोड़कर फरार हो गया। वारदात के अगले दिन आरोपी ने फिर से छात्रा पर साथ चलने का दबाव बनाया।
छात्रा के इनकार करने पर उसने गांव के लड़कों को वह वीडियो दिखा दिया। इसकी भनक जब छात्रा को लगी, तो उसने हिम्मत जुटाकर अपने भाई और परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। परिजन जब शिकायत लेकर चोलापुर थाने पहुंचे, तो आरोप है कि पुलिस ने संवेदनहीनता दिखाते हुए उन्हें वहां से भगा दिया। सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर मामला गरमाता देख चोलापुर पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रविन यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
थानाध्यक्ष चोलापुर दीपक कुमार ने बताया कि नाबालिग छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म की शिकायत मिली थी। जांच में मामला प्रेम-प्रसंग से भी जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन शिकायत की गंभीरता को देखते हुए मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।






