गाजियाबाद। सांसद अतुल गर्ग ने लोकसभा में भारतीय रेल से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाते हुए कहा कि कुंभ के दौरान भारतीय रेल ने उत्कृष्ट प्रबंधन का परिचय दिया है। उन्होंने सुझाव दिया कि इस प्रबंधन मॉडल का अध्ययन विद्यार्थियों को भी कराया जाना चाहिए, ताकि वे बड़े आयोजनों के कुशल संचालन की समझ विकसित कर सकें।
उन्होंने बताया कि आनंद विहार, सराय रोहिल्ला, निज़ामुद्दीन स्टेशन रेलवे स्टेशन वर्तमान में नई दिल्ली स्टेशन के सैटेलाइट केंद्रों की तरह कार्य कर रहे हैं, जहां से पूरे देश के लिए रेलगाड़ियों का संचालन होता है।इसके बावजूद इन स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ता है।
सांसद अतुल गर्ग ने सुझाव दिया कि उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर जाने वाली कुछ रेलगाड़ियों का संचालन यदि ग़ाज़ियाबाद रेलवे स्टेशन से प्रारंभ किया जाए और इसे सैटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित किया जाए, तो सैकड़ों यात्रियों को दिल्ली जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे दिल्ली के स्टेशनों पर भीड़ कम होगी और यात्रियों को अधिक सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के पास रक्षा विभाग की खाली पड़ी जमीन उपलब्ध है। यदि रक्षा विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर इस भूमि का उपयोग किया जाए, तो स्टेशन के विस्तार के साथ-साथ यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सकता है।






