आर.डी.पी.डी. कन्या पीजी कॉलेज में वार्षिकोत्सव ‘कला कुंज’ की धूम
-क्षेत्रीय विधायक संजय शर्मा ने की
शिरकत
जनसागर टुडे गगन बंसल संवाददाता
जहांगीराबाद। नगर के भईपुर दोराहे स्थित रघुवरदयाल प्रभुदयाल (आर.डी.पी.डी.) कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव ‘कला कुंज’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने अपनी प्रतिभा से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। आयोजित कला कुंज कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक संजय शर्मा और विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष किशनपाल लोधी ने माँ सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया। महाविद्यालय के सेक्रेटरी गिरीश गर्ग, को-ऑर्डिनेटर कुलदीप गर्ग, डायरेक्टर शरद अग्रवाल और प्राचार्या डॉ शीनू चौधरी द्वारा अतिथियों का बुके भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। आयोजित ’कला कुंज’ के अंतर्गत छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें सरस्वती वंदना एवं स्वागत गान के साथ देश की विविधता को दर्शाते हुए छात्राओं ने विभिन्न राज्यों के लोक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुति दी। नाटक के माध्यम से सावित्री बाई फुले के जीवन को दर्शाते हुए समाज में नारी की शक्ति और शिक्षा के महत्व का संदेश दिया गया साथ ही छात्राओं ने नौ देवियों के रुप व श्री कृष्ण के बाल रुप को भी धारण किया तथा आगामी होली के पर्व के उपलक्ष में व्रज की होली के भी दर्शन करा दिए। मुख्य अतिथि विधायक संजय शर्मा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने महाविद्यालय की प्रगति की सराहना करते हुए छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की वहीं विशिष्ट अतिथि पालिकाध्यक्ष किशनपाल लोधी ने कहा कि बेटियाँ आज हर क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। ‘कला कुंज’ जैसे मंच छात्राओं के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने का बेहतरीन माध्यम हैं। कार्यक्रम के अंत में शैक्षणिक और पाठ्येतर गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मेधावी छात्राओं को अतिथियों द्वारा स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ, गणमान्य लोग और भारी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।






