डिबाई भाजपा विधायक ने बजट सत्र में उठाई क्षेत्रीय विकास की आवाज।

जेपी गौतम संवाददाता
रामघाट/बुलंदशहर/डिबाई भाजपा विधायक ने बजट सत्र में उठाई क्षेत्रीय विकास की आवाज
मुख्यमंत्री व वित्तमंत्री का जताया आभार, सदन में रखीं महत्वपूर्ण मांगें
डिबाई। उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र 2026-27 में प्रदेश के सर्वांगीण, सर्वस्पर्शी एवं जनहितैषी बजट का समर्थन करते हुए डिबाई विधानसभा क्षेत्र के विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी ने मा० मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं मा० वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना का सदन में आभार व्यक्त किया।विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि यह बजट प्रदेश के सर्वांगीण विकास को नई गति देने वाला है। इसमें किसान, युवा, महिला, व्यापारी,श्रमिक तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक के हितों का समावेश किया गया है। उन्होंने इसे आत्मनिर्भर एवं विकसित उत्तर प्रदेश की दिशा में एक सशक्त कदम बताया।
सदन में विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी ने डिबाई विधानसभा क्षेत्र के विकास से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण मांगें प्रमुखता से रखीं। उन्होंने क्षेत्र की सड़कों के सुदृढ़ीकरण, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, शिक्षा संस्थानों के उन्नयन, पेयजल व्यवस्था में सुधार, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार तथा अन्य आधारभूत ढांचे के विकास के लिए विशेष बजट प्रावधान की मांग की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि डिबाई विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र गति प्रदान की जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को प्रत्यक्ष लाभ मिल सके और विकास की धारा अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
सदन में क्षेत्रीय विकास के लिए सशक्त आवाज उठाए जाने से डिबाई क्षेत्र के कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों में उत्साह और विश्वास का वातावरण बना हुआ है।
क्षेत्र में हुआ भव्य स्वागत
बजट सत्र से लौटने के बाद विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी का डिबाई विधानसभा क्षेत्र में जगह-जगह कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। जरगवां स्थित दधीचि मेमोरियल पब्लिक स्कूल में समर्थकों ने फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्र चिंतक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके उपरांत विधायक ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की स्मृति स्थल पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
विधायक बेलोन पहुंचकर मां बेला भवानी के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। राजघाट चौराहे पर स्थित बाबूजी कल्याण सिंह की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया गया। कार्यक्रम का समापन कर्णवास स्थित महर्षि दयानंद स्मारक पर भव्य स्वागत समारोह के साथ हुआ, जहां बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।






