जनसागर टुडे
आजमगढ...करतालपुर स्थित जीडी ग्लोबल स्कूल में आयोजित वार्षिक क्रीडा- महोत्सव के विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत करने हेतु दो द्विवसीय पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन दिनांक 12फरवरी 2026 तथा 13फरवरी 2026 को किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की निदेशिका श्रीमती स्वाति अग्रवाल, प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल, कार्यकारी निदेशक श्री श्रीश अग्रवाल तथा प्रधानाचार्या श्रीमती दीपाली भुस्कुटे के स्वागत से हुआ। यह पुरस्कार वितरण समारोह दो दिवस में संपन्न हुआ। प्रथम दिवस पर विद्यालय के प्राइमरी वर्ग के नन्हें-मुन्हें बच्चों को उनके द्वारा विभिन्न खेलों में प्रतिभाग करने पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने हेतु विद्यालय के कार्यकारी निदेशक श्री श्रीश अग्रवाल द्वारा पुरस्कृत किया गया। इसके बाद द्वितीय दिवस पर जूनियर वर्ग तथा सीनियर वर्ग तक के विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया।
खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत ट्रैक इवेंट्स में 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ बालक एवं बालिका वर्ग में विजयी प्रतिभागियों को विद्यालय की निदेशिका जी द्वारा स्वर्ण एवं रजत पदक से सम्मानित किया गया। फील्ड इवेंट्स में शॉट पुट और लंबी कूद प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किए विजयी प्रतिभागियों को विद्यालय के प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल ने पुरस्कृत किया। सीनियर वर्ग में रिले रेस और रस्साकशी , 100, 200, 400 व 800 मीटर दौड़, शॉट पुट, लंबी कूद, ऊंची कूद और भाला फेंक जैसी प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को विजय की शुभकामनाएं देते हुए प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल ने पुरस्कृत किया।
पुरस्कार वितरण के समापन पर विद्यालय की निदेशिका श्रीमती स्वाति अग्रवाल ने विद्यार्थियों को खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अनुशासन और टीम भावना का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल ने सभी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा आज का युवा ही राष्ट्र का भावी कर्णधार है इसलिए उसे अपनी फिटनेस, समय प्रबंधन पर नियोजित ध्यान रखने की आवश्यकता है। अपनी गल्तियों से सीखते हुए हमें छोटी-छोटी बातों पर किसी से उलझने एवं उस पर अपना समय बर्बाद करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने परीक्षा पर चर्चा करते हुए सभी विद्यार्थियों को शांत एवं प्रसन्नचित्त मन से परीक्षा देने की शुभकामनाएं दीं। कार्यकारी निदेशक श्री श्रीश अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि आज का यह पुरस्कार दिवस केवल ट्रॉफी और पदक प्रदान करने का अवसर नहीं है, बल्कि यह समर्पण, अनुशासन, परिश्रम और खेल भावना का उत्सव है। खेल हमें केवल जीतना ही नहीं सिखाते, बल्कि हार को स्वीकार कर उससे सीखना भी सिखाते हैं।
प्रधानाचार्या श्रीमती दीपाली भुस्कुटे ने सभी विजयी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






