महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक,संबंधित अधिकारियों को दिए कड़े दिशा निर्देश।
मेले में चप्पे चप्पे पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर किसी भी पुलिस कर्मी की ड्यूटी के दौरान लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: एसएसपी
मेला में सुरक्षा व्यवस्था किए जाएंगे पुख्ता इंतजाम
कावड़ियों को नहीं होगी परेशानी स्थानीय जनता का लिया जाएगा सहयोग
डीके निगम/जेपी गौतम
रामघाट/बुलंदशहर/महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर अलीगढ़ मथुरा आदि अन्य स्थलों से तहसील डिबाई के अंतर्गत ग्राम रामघाट पर गंगा घाट से लाखों की संख्या में श्रद्धालु जल भरकर ले जाते हैं। शनिवार को जिलाधिकारी श्रुति ने रामघाट गंगा घाट पर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व पर श्रद्धालुओं के द्वारा जल भरकर ले जाने हेतु की जाने वाली व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए विभागवार की जाने वाली व्यवस्थाओं की तैयारियों के बारे में जानकारी हासिल की। बताया गया कि रामघाट के गंगा घाट पर अलीगढ़,अतरौली, मथुरा सहित अन्य स्थलों से लाखों की संख्या में जल भरने हेतु कांवड़िए आते हैं। घाट पर आने जाने हेतु अलग अलग पुल है जिन पर दोनों तरफ को बेरिकेटिंग कर सुरक्षित कराए जाने के निर्देश दिए गए। रूट प्लान के बारे में जानकारी लेते हुए निर्देशित किया गया कि वाहनों के लिए चिह्नित पार्किंग में ही वाहनों को खड़ा कराया जाए। पार्किंग स्थल पर प्रकाश आदि व्यवस्था समय से कर ली जाए। रूट प्लान बनाकर उसके अनुसार वाहनों को डायवर्ट कराए। डायवर्ट वाले स्थानों पर पुलिस सहायता केंद्र बनाकर लोगों की समस्या का निराकरण किया जाए। आने जाने वाले मार्गो पर संकेतक भी लगाए जाए। विद्युत विभाग को निर्देश दिए गए कि मेला में निर्बाध विद्युत आपूर्ति कराई जाए। बैकअप के लिए जनरेटर की व्यवस्था भी कराएं। मेले में विद्युत सुरक्षा के दृष्टिकोण से सड़क किनारे, घाट पर विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर को कवर कराये जाने, अतिरिक्त टांसफार्मर की व्यवस्था, जर्जर तारो की मरम्मत करने के निर्देश विद्युत विभाग को दिये। गंगा घाट से गंगा का बहाव दूसरी ओर होने से श्रद्धालु सुरक्षित जल भर सके इसके लिए मजबूत बैरिकेटिंग कराई जाए। किसी भी श्रद्धालु को बैरिकेटिंग के दूसरी ओर नहीं जाने दे। नाव एवं गोताखोर की पर्याप्त संख्या में उपलब्धता कराएं। पब्लिक एड्रेस सिस्टम,खोया पाया केंद्र आदि व्यवस्था को भी सुनिश्चित कराया जाए। महिला श्रद्धालुओं के लिए घाट पर चेंजिंग हेतु पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम चारों ओर एवं ऊपर से कवर कराकर बनाये जाए। मेले के दौरान साफ सफाई की विशेष व्यवस्था हेतु बीडीओ को निर्देशित किया गया कि सफाई कर्मियों की रोस्टर के अनुसार ड्यूटी लगाकर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पेयजल की व्यवस्था हेतु टैंकर की व्यवस्था, पर्याप्त संख्या में मोबाइल टॉयलेट की भी व्यवस्था कराई जाए। मेले के दौरान स्वास्थ्य सम्बंधित समस्याओं के निराकरण के लिए सीएमओ को निर्देश दिए गए कि स्वास्थ्य कैंप लगाकर स्वास्थ्य टीम की तैनाती, आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता के साथ एम्बुलेंस भी उपलब्ध रखे। कांवड़ मार्ग पर सड़को की मरम्मत करने के निर्देश पीडब्ल्यूडी विभाग को दिए। आने वाले श्रद्धालुओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ मिले यह सुनिश्चित कराने के लिए खाद्य विभाग को निर्देश दिए गए कि टीम लगाकर भंडारे, खाने की दुकानों पर खाने की जांच कराए। मेला में व्यवस्था बनाए रखने के लिए वॉलेंटियर्स भी लगाए जाए। जिलाधिकारी ने सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो भी व्यवस्था उनके द्वारा की जानी है उन्हें समय से सुनिश्चित कराया जाए।
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने निर्देश दिए कि मेले को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की ड्यूटी लगाकर व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कराया जाए। मेले में किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हो इसके लिए पूर्व से ही जो भी संभावित व्यवस्था कराई जानी आवश्यक है उन्हें करा लिया जाए। श्रद्धालुओं के आने वाले वाहनों को व्यवस्थित ढंग से पार्किंग में ही खड़ा कराया जाए। रूट पर भी पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाकर रूट व्यवस्था को सुचारू रखा जाए।
बैठक से पूर्व जिलाधिकारी श्रुति एवं एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने अतरौली की ओर से गंगा घाट तक आने वाले मार्ग का भी स्थलीय निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बैठक में उप जिलाधिकारी डिबाई मनीष कुमार सीओ डिबाई मधुप कुमार सिंह नायब तहसील गौरव कुमार नायब तहसीलदार लविन यादव रामघाट थाना प्रभारी संदीप सिंह पीडब्ल्यूडी एक्सियन प्रताप सिंह व जेई हरीश लोधी सिंचाई विभाग एसडीओ अंकित सिंह विद्युत विभाग एसडीओ संदीप कुमार जेई योगेश कुमार वन विभाग के डिप्टी रेंजर मोहित चौधरी बीडीओ विनोद कुमार शर्मा जिला पंचायत से राजकुमार भाजपा नेता सत्यवीर सिंह यादव ओमवीर सिंह एडवोकेट इंद्रपाल सिंह यादव सुभाष यादव विकास अग्रवाल प्रधान लक्ष्मण शर्मा मोंटी शर्मा हिमांशु शर्मा कैलाश डीलर शिवम भारद्वाज सहित सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।






