कु. मायावती राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय बादलपुर, गौतमबुद्ध नगर में वार्षिक क्रीड़ा समारोह का भव्य आयोजन।

नोएडा/कु. मायावती राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय बादलपुर, गौतमबुद्ध नगर में दिनाँक 2 और 3 फरवरी 2026 को प्राचार्या प्रो. (डॉ) अनीता रानी राठौर के कुशल दिशा निर्देशन एवं मार्गदर्शन में दो दिवसीय क्रीड़ा समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन, स्वागत गीत एवं कुल गीत प्रस्तुति के द्वारा किया गया। स्वागत की वेला में एन सी सी की छात्राओं द्वारा योग आधारित नृत्य प्रस्तुत किया गया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि किरण बाल्यान एवं प्राचार्या प्रो. अनीता रानी राठौर ने शिरकत की और छात्राओं को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों के अनुरूप खेलने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि: एशियन गेम्स 2023 कांस्य पदक विजेता किरण बालियान शीर्ष एथलीट की उपस्थिति ने ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को असाधारण प्रेरणा प्रदान की।
महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. अनीता रानी राठौर के विजन एवं कुशल नेतृत्व में ग्रामीण छात्राओं को महाविद्यालय में समग्र शिक्षा मिल रही है, जिसमें खेल प्रमुख घटक है। यह आयोजन कॉलेज की खेल उत्कृष्टता को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। वार्षिक क्रीड़ा कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं के शारीरिक विकास, खेल भावना और समग्र शिक्षा को बढ़ावा देना था। शारीरिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित क्रीड़ा समारोह में 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़, गोला फेंक, चक्का फेंक,भाला फेंक, लंबी कूद एवं ऊंची कूद सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। क्रीड़ा विभाग प्रभारी डॉ. धीरज कुमार और डॉ. परवेज शमीम के नेतृत्व में सभी छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी साथी उपस्थित रहे। क्रीड़ा समारोह के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि श्री शामेंद्र नागर (समाजसेवी) बिसरख ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। जिनके प्रेरणादायक भाषण ने क्रीड़ा प्रतिभागियों को उत्साहित किया तथा इसी क्रम में बताया कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास करता है, बल्कि चरित्र का निर्माण भी करता है । श्री नागर ने युवा खिलाड़ियों से अनुशासन के साथ उत्कृष्टता की प्राप्ति का आह्वान किया।
इस आयोजन ने एथलेटिक उत्साह और टीम भावना से ओत-प्रोत होकर उत्साही भीड़ को आकर्षित किया तथा कॉलेज की उभरती खेल प्रतिभाओं को प्रदर्शित किया। समापन समारोह में रस्सी कूद, 400 एवं 800 मीटर दौड़ प्रतियोगिता, म्यूजिकल चेयर जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। दोनों दिवसों के विजयी प्रतियोगियों को पुरस्कार वितरित किए गए। छात्रा चैम्पियन का खिताब कु. राजवती, बी. ए. V सेमेस्टर की छात्रा ने प्राप्त किया। प्रो. अनीता रानी राठौर ने छात्राओं के खेल के प्रति समर्पण की व उत्साह की प्रसंशा करते हुए महाविद्यालय की समग्र शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए और आगे उन्होंने कहा कि”एनईपी 2020 के दृष्टिकोण के तहत, हम खेल और शिक्षा के माध्यम से समग्र नेतृत्व तैयार कर रहे हैं” । क्रीड़ा विभाग प्रभारी डॉक्टर धीरज कुमार और डॉ. परवेज शमीम के नेतृत्व में सभी छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन डॉ. संजीव कुमार ने किया। अंत में धन्यवाद डॉ धीरज कुमार ने ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में समस्त महाविद्यालय परिवार ने पूर्ण मनोयोग से खेल प्रतियोगिताओं को संपन्न कराया एवं सभी हर्षोल्लास के साथ उपस्थित रहे।






