नारी की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए मिशन नारी शक्ति फेज फाइव शुरू
जनसागर टुडे गगन बंसल संवाददाता
जहाँगीराबाद। नगर स्थित बीके सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मिशन नारी शक्ति फेज 5 की शुरुआत मुख्यातिथि के रूप में सीओ अनूपशहर रामकरन सिंह व विशिष्ट अतिथि के रूप में कोतवाली प्रभारी संजेश कुमार सिंह ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित करते हुए की। इस अभियान के तहत नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन पर बल दिया गया। इस अवसर पर स्कूल की छात्राओं ने नारी शक्ति के ऊपर एक गीत गाकर नारी शक्ति को उजागर किए। महिला सब इंस्पेक्टर कशिश सक्सेना ने कहा कि सीएम योगी ने शारदीय नवरात्रि के दौरान मिशन शक्ति का पांचवा फेज शुरू किया है। इस दौरान उन्होंने स्कूल की छात्राओं को सरकार द्वारा महिलाओं की सहायता के लिए जारी हेल्पलाइन नम्बर बताए। उन्होंने बताया कि प्रत्येक थाने मे महिला हेल्प डेस्क बनवाई गई है जहां महिलाएं बेझिझक अपनी बात पुलिस से साझा कर मदद मांग सकती हैं। गांव गांव जाकर भी मिशन शक्ति की टीम महिला चौपाल लगा रही है जिसके माध्यम से उनके लिए जारी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। इस दौरान वीमेन पावर लाइन 1090, वीमेन हेल्पलाइन 181, चीफ मिनिस्टर हेल्पलाइन 1076, डायल 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930, हेल्थ सर्विस 102, एम्बुलेंस सर्विस 108 की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नारी को ध्यान रखना चाहिए कि उसका आसपास किसी नारी के ऊपर भी अत्याचार न होने पाये। विद्यालय में लगे पिंक बॉक्स में छात्राएं अपनी शिकायत डाल सकते हैं या विद्यालय में बनाई गई विशाखा समिति से भी मदद ले सकती हैं। कोतवाली प्रभारी संजेश कुमार सिंह ने कहा कि एक माह तक चलने वाले इस मिशन शक्ति फेज 5 में महिला शक्तिकरण पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होने कहा कि विद्यालय आने वाली छात्राएं किसी भी असहज स्थिति में तत्काल पुलिस से महिला हेल्पलाइन के नम्बरों पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। पुलिस आपसे सम्पर्क कर आपकी समस्या को दूर करने का काम करेगी। इस मौके पर मुख्यातिथि सीओ अनूपशहर रामकरन सिंह ने विद्यालय की छात्राओं को मिशन शक्ति का उद्देश्य समझाया और कहा कि हमारे देश में नारी को देवी का स्वरूप माना गया है। आज हमारे देश की नारी हर क्षेत्र में शामिल होकर पुरुषों के कंधे से कंधा मिलाकर देश विकास में सहायता कर रही हैं। नारी केवल के चार दीवारी में रहने वाली कोई वस्तु नहीं है। आज नारी शक्ति के कारण हमारे देश का सिर गर्व से ऊंचा हुआ है।
इस मौके पर विद्यालय के डायरेक्टर ललित शर्मा, प्रबन्धक नरेंद्र शर्मा, प्रधानाचार्या डॉ रीता शर्मा, नवीन बंसल, कस्बा चौकी इंचार्ज दीपक चाहर, सबइंस्पेक्टर, अंकुर गुप्ता, सुरेश बाबू, आदि सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।